सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

चींटियाँ

चींटियाँ

  पिछले दो-तीन दिनों से चींटियों ने काफ़ी परेशान कर रखा हैं।रोटियों का डब्बा हो या दालों के कंटेनर........सर्वत्र इनकी उपस्थिति।शायद यहाँ पेड़-पौधों के आधिक्य के कारण इनके भिन्न- भिन्न रूपों का दर्शन सुलभ है।जो भी हो, इसी बहाने मुझे याद आई....वर्षों पूर्व लिखी यह कविता.....जो चींटियों (या किन्हीं औरों) के वज़ूद और संघर्ष की तस्वीर रचने की एक छोटी कोशिश है।



चींटियाँ

वे जब तक संतुष्ट रहीं
मरे पड़े कीड़े - मकोड़े खाकर
हम इठलाते रहे अपनी बुद्धि पर
धीरे - धीरे उनकी नज़रें ललचाईं
वे बढ़ने लगीं चीनी के दानों
और स्वादिष्ट मिष्ठानों की ओर
यह गुस्ताखी हम सहन नहीं कर पाए
क्योंकि हमारी धमनियों में
बड़ी तेज़ रफ़्तार से दौड़ रहा था
चटकदार लाल सामंती लहू
हमने काट डाली कुछ की ज़बानें
कुछ के सूक्ष्म पांव
और कई को ज़िंदा जला डाला
बाकी इस तरह डरीं सहमीं
कि सदियों तक बेज़बान रहीं।

पर आजकल तो गज़ब हो रहा है
उन्हें भी मिलने लगी है
हम जैसे स्थापित मानवों जैसी बुद्धि
उन पर साक्षरता कार्यक्रम शायद
असर कर गए हैं
इसलिए हो रही हैं राजनीति में भी माहिर
उनकी कतारबद्ध सेना बना रही है
चक्रव्यूह हर ओर
रसोई के डिब्बों में
खाने की मेज़ पर
आलीशान दीवारों पर, बिस्तर के सिरहाने
यहां तक कि हमारे कपड़ों पर भी
सुना है हिसाब लेने आ रही हैं
अब तक हमारे पैरों तले रौंदे गए साथियों का।

वे भूल रही हैं हमारा गुलीवरपन
और यह भी कि -
हमारे हाथ आजीवन लंबे रहे हैं
क़ानून के लंबे हाथों से भी
हम अट्टहास कर रहे हैं
और अगले ही पल हमारी गुलीवरी उंगलियाँ
मसल दे रही हैं
उन्हें पहले की तरह
उनकी सेना हताश हो
तितर- बितर कर भाग रही है
हम बहुत प्रसन्न हो रहे हैं
यह देखकर कि
हमारी नाक उतनी ऊंची है अब भी
जितनी दीवार पर लगी
तैलचित्रों में हमारे पूर्वजों की।

परंतु सावधान!
गुलीवर हमेशा विशालतम नहीं होता
और चीटियां हमेशा पिद्दियां नहीं
उनकी धमनियों का लहू भी
अब रफ़्तार पकड़ने लगा है
इसलिए चलने लगी हैं सिर उठाकर
नहीं जाने देंगी अब और
अपने हिस्से की मिठाइयां
करेंगी हमला मदमस्त हाथियों पर
हम कर भी नहीं पाएंगे
अपने किए पर
थोड़ा - सा पश्चाताप !

@ सरिता स्निग्ध ज्योत्स्ना

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बड़े घर की लड़की

बड़े घर की लड़की  अब वह भी खेल सकती है भाई के सुंदर खिलौनों से  अब वह भी पढ़ सकती है भाई के संग महंगे स्कूल में  अब वह भी खुलकर हँस सकती है लड़कों की तरह  वह देखने जा सकती है दोस्तों के संग सिनेमा  वह जा सकती है अब काॅलेज के पिकनिक टुअर पर  वह रह सकती है दूर किसी महानगरीय हाॅस्टल में  वह धड़ल्ले इस्तेमाल कर सकती है फेसबुक, ह्वाट्सएप और ट्विटर  वह मस्ती में गा  और नाच सकती है फैमिली पार्टी में  वह पहन सकती है स्कर्ट ,जीन्स और टाॅप वह माँ - बाप से दोस्तों की तरह कर सकती है बातें  वह देख सकती है अनंत आसमान में उड़ने के ख़्वाब  इतनी सारी आज़ादियाँ तो हैं बड़े घर की लड़की  को  बस जीवनसाथी चुनने का अधिकार तो रहने दो  इज़्ज़त-प्रतिष्ठा धूमिल हो जाएगी ऊँचे खानदान की  वैसे सब जानते हैं कि साँस लेने की तरह ही  लिखा है स्वेच्छा से विवाह का अधिकार भी  मानवाधिकार के सबसे बड़े दस्तावेज में ! ---------------------------------------------------

हारी नहीं नीरजा

भारत की अशोक चक्र प्राप्त बिटिया नीरजा भनोट (7 सितंबर 1963 - 5 सितंबर 1986 ) के प्रति एक श्रद्धांजलि हारी नहीं नीरजा ******************** वह लड़की  हाँ, वो लड़ी शर्म के ख़िलाफ़ डर के ख़िलाफ़ परंपरा के ख़िलाफ़ दहेज के ख़िलाफ़ अपने 'प्रताड़क परमेश्वर' के ख़िलाफ़ ज़माने की प्रतिकूल हवाओं के ख़िलाफ़ वह जीतती गई एक -एक क़दम  नापती हुई ज़मीन और आकाश की दूरी अब नरपिशाचों की बारी थी उसके भीतर सूझबूझ की शांत नदी बह रही थी साहस भी अनंत आसमानी हो चला था और वह उस विशाल विमान में एक जुझारू जटायु बन लड़ती रही रावणों से पंख नुचकर जख़्म रिसते रहे जीतना उसका तय था पर मृत्यु उसे अपने प्यार की तरह  छीन ले गई झटककर बस कुछ ही समय पहले तो जन्मदिवस की गोद से  रंगीन सपनों -सी मोमबत्तियाँ बुझ गईं जलने से पहले ही पथरायी माँ का अनमोल उपहार मुँह बाए बैठा रहा प्रतीक्षारत इस बार भी वही जीती थी एक क्या तीन सौ से अधिक अशोक चक्र कुर्बान हो जाएंगे वो दहशत में मरकर पुन: जी उठी  देशी और फिरंगी ज़िन्दगियाँ जहाँ भी होंगी फल...

तुम्हें लज्जा कभी नहीं आती

तुम्हें लज्जा कभी नहीं आती  ~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~ क्या नाम दूँ  तुम्हें  दुर्योधन,दुःशासन या  कलियुग का कुलनाशक  नाम देने से भी क्या फ़र्क पड़ता है  पत्थरों  पर कहाँ असर होता है    तुम्हें तो लज्जा कभी नहीं आती  देवी की आराधना तुमने भी की होगी  क्या माँगा होगा गिड़गिड़ाकर उसके चरणों में  धन -बल या फिर कोई छल  देखी तो कभी होगी अलबम में  अपनी माँ की जवानी की तस्वीर  क्या तुम्हें वह सूरत उस वक़्त नज़र नहीं आती  जब अपने आसान 'शिकार'  पर हमला करते हुए  लज्जा कभी नहीं आती   तुम्हारी भी कोई बहन कहीं  बंद कमरे की घुटन तजकर  हर शाम की सुहानी हवा में  थोड़ी देर  आज़ाद चिड़िया बन जाना चाहती होगी  क्या तुमने कतर दिए हैं उसके सफेद पंख या बाँध दी हैं बेड़ियाँ उसके नाज़ुक पाँवों में तुम्हें अपनी स्वच्छंदता को झूठी मर्दानगी बताते हुए  लज्जा कभी नहीं आती  सुना है कि खत्म हो रहे हैं जंगल  और खत्म हो रहे हैं...